रायपुर।
25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में रायपुर की उभरती हुई निशानेबाज शिफा ख्वाजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण (गोल्ड) और एक रजत (सिल्वर) पदक अपने नाम कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के खेल जगत में खुशी और गर्व का माहौल है।छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन 11 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक रायपुर के चौथी वाहिनी, माना कैंप स्थित शूटिंग रेंज में किया गया।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली निशानेबाजों ने अलग-अलग वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिस्पर्धा की।प्रतियोगिता के 50 मीटर प्रोन इवेंट में शिफा ख्वाजा ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।