गरियाबंद में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, 6 सितंबर को क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा; प्रथम पुरस्कार ₹1 लाख
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
गरियाबंद। जिले में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती ने क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में गरियाबंद सर्किट हाउस स्थित सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्रीड़ा भारती छत्तीसगढ़ के प्रांत मंत्री के. सुमीत उपाध्याय, जिला अध्यक्ष शारद पारकर, उपाध्यक्ष अजय रोहरा और जिला मंत्री पूरन लाल यादव मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रांत मंत्री के. सुमीत उपाध्याय ने जिले के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों और कोचों से मुलाकात कर खेल गतिविधियों, खिलाड़ियों की समस्याओं और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गरियाबंद में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बल्कि उन्हें सही मार्गदर्शन, मंच और अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना का विकास होता है। क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा युवाओं को खेलों के इतिहास और विभिन्न खेलों की जानकारी से जोड़ने का प्रयास है।
6 सितंबर को ऑनलाइन होगी परीक्षा
क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 का आयोजन 6 सितंबर 2026 को ऑनलाइन किया जाएगा। प्रतिभागी सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे के बीच अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा में 20 मिनट में 50 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। न्यूनतम 12 वर्ष आयु का कोई भी व्यक्ति इसमें शामिल हो सकता है।
परीक्षा मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर या टैबलेट के माध्यम से दी जा सकेगी। इसके लिए केवल 20 रुपये सहयोग राशि निर्धारित की गई है।
प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये
परीक्षा में आकर्षक नगद पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम पुरस्कार के रूप में एक विजेता को 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में दो विजेताओं को 50-50 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार के रूप में छह विजेताओं को 25-25 हजार रुपये और चतुर्थ पुरस्कार के रूप में 11 विजेताओं को 11-11 हजार रुपये दिए जाएंगे। पुरस्कार चैतन्य कुमार कश्यप फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित हैं। पुरस्कार 12 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को प्रदान किए जाएंगे।
क्रीड़ा भारती उपाध्यक्ष अजय रोहरा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य खिलाड़ियों को पहचान दिलाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में परीक्षा में शामिल होने की अपील की।
ऑनलाइन पंजीयन शुरू
परीक्षा के लिए पंजीयन www.kreedabharatikgp.org के माध्यम से किया जा सकता है। प्रतिभागी व्यक्तिगत या समूह के रूप में पंजीयन कर सकते हैं। ऑनलाइन भुगतान के बाद पंजीयन प्रक्रिया पूरी होगी। परीक्षा की मार्कशीट और प्रमाणपत्र अगले दिन शाम 4 बजे के बाद डाउनलोड किए जा सकेंगे।
बैठक में संजीव साहू, सूरज महादिक, गिरीश शर्मा, दीपक सरवैया, सलीम मेमन, विकास रोहरा, अमित ठक्कर, दानवीर साहू, राहुल साहू, महेंद्र यादव, नितिन बखरोया, वंजारी जी, खुमन साहू सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और कोच उपस्थित रहे।
और पढ़ें
- छत्तीसगढ़ न्यूज़
- ताज़ा खबरें
- रक्षाबंधन स्पेशल: वास्तु गुरुजी राणा सिकंदर के अनुसार अपनाएं ये खास वास्तु उपाय
- राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू से ICU में भर्ती
- छत्तीसगढ़ में भारी बारिश-बिजली का अलर्ट, झारखंड के निम्न दबाव का असर
- रक्षाबंधन पर स्कूलों में अवकाश: 28 अगस्त को मिलेगी छुट्टी