गरियाबंद में बारिश का कहर, उफनती पैरी नदी से परिवार को सुरक्षित बचाया गया
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पिछले 24 घंटों से जारी भारी वर्षा के कारण पैरी नदी समेत अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसी बीच काश सोहागपुर क्षेत्र से एक राहत भरी खबर सामने आई, जहां पुलिस, एसडीआरएफ, नगर सेना और प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब पांच घंटे तक चले कठिन रेस्क्यू अभियान के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, काश सोहागपुर स्थित एक गौशाला में पति-पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे उस समय फंस गए, जब पैरी नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश और सिकासार जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का बहाव तेज हो गया और कुछ ही समय में गौशाला चारों ओर से पानी से घिर गई। परिवार के बाहर निकलने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया।
घटना की सूचना शाम करीब 5 बजे प्रशासन को मिली। सूचना मिलते ही तहसीलदार, पुलिस, एसडीआरएफ और नगर सेना की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। तेज बारिश, तेज बहाव और अंधेरा होने के बावजूद जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान रस्सियों, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करते हुए टीम ने बेहद सावधानी से एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
करीब पांच घंटे तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद देर रात पति-पत्नी और उनके तीनों बच्चों को सकुशल सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। परिवार के सुरक्षित बाहर आने पर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और पुलिस, एसडीआरएफ तथा प्रशासन की टीमों के साहस और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि उफनती नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और मौसम विभाग व जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस, नियंत्रण कक्ष या प्रशासन को सूचना देने की अपील भी की गई है, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
और पढ़ें
- छत्तीसगढ़ न्यूज़
- ताज़ा खबरें
- वास्तु गुरुजी राणा सिकंदर के पॉडकास्ट में श्री व्यास जी ने बताया ध्यान और फोकस का महत्व
- छत्तीसगढ़: नेताओं की सुरक्षा में कटौती, 150 करोड़ सालाना बचत का ऐलान
- छत्तीसगढ़ में 'अर्नब' का कहर: रायपुर, गरियाबंद, रायगढ़ में भारी बारिश, कल स्कूल बंद
- रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित राज विला में कार्यालय के गेट के पास से एक महंगा लैपटॉप चोरी होने का मामला सामने आया है। शिकायत | पूरी खबर