अनुज शर्मा की मैराथन समीक्षा बैठक, बोले—दफ्तरों से निकलें, धरातल पर दिखे विकास
धरसींवा। विधानसभा क्षेत्र धरसींवा के समग्र विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विधायक अनुज शर्मा ने जनपद पंचायत सभा कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और जवाबदेह कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागवार लंबित आवेदनों, विकास परियोजनाओं और शिकायतों की स्थिति पर विस्तृत जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि किसी भी फाइल को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों से प्रत्येक लंबित कार्य की "एक्शन टेकन रिपोर्ट" प्रस्तुत करने को कहा।
समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD), विद्युत विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE), जनपद पंचायत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने क्या कहा
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह बैठक केवल औपचारिक समीक्षा नहीं, बल्कि आत्ममंथन का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को दफ्तरों से बाहर निकलकर जमीनी स्तर पर कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता करने या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के समापन पर विधायक ने सकारात्मक संदेश देते हुए कहा कि अगली समीक्षा बैठक समस्याओं पर नहीं, बल्कि विभागों की "सफलता की कहानियों" पर केंद्रित होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समीक्षा बैठक के बाद विधायक अनुज शर्मा सेवा सदन पहुँचे, जहाँ आयोजित जनदर्शन में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें उनके समक्ष रखीं। विधायक ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान शासन की आवासीय योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मक...
जनदर्शन के दौरान शासन की आवासीय योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मकानों के पट्टे भी वितरित किए गए। पट्टा प्राप्त करने के बाद हितग्राहियों ने खुशी व्यक्त की। विधायक ने कहा कि प्रत्येक गरीब और जरूरतमंद परिवार को अपने घर का कानूनी अधिकार दिलाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, जनपद पंचायत अध्यक्ष शक...
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खूटे, सुनील शर्मा, जनपद पंचायत के सीईओ आशीष केशरवानी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक उपस्थित रहे।