राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का, गुरुचरण सिंह होरा बने साक्षी | Raipur News Today
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
आज की रायपुर खबर के अनुसार... रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी महाराज और छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव एवं ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति का रायपुर विमानतल पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश पूज्य माता साहिब हासी देवी के सम्मान में स्मारक सिक्के का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे।
सिंधी समाज के लिए गौरव का अवसर
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी यह स्मारक सिक्का सिंधी समाज के लिए विशेष महत्व रखता है। माता साहिब हासी देवी के आध्यात्मिक योगदान, विचारों और जीवन से जुड़ी विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। सिक्का जारी होने को देश-विदेश में रहने वाले सिंधी समुदाय के लिए गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी महाराज ने दिया। इस अवसर पर प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना और उदय कुमार शदाणी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सिंधी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
35 ग्राम का होगा स्मारक सिक्का
जारी विवरण के अनुसार, स्मारक सिक्का 35 ग्राम वजनी और 44 मिलीमीटर व्यास का गोलाकार होगा। इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता शामिल होगा।
सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष, ‘सत्यमेव जयते’, भारत, INDIA और 200 रुपये का मूल्यवर्ग अंकित होगा। दूसरी तरफ माता साहिब हासी देवी की छवि के साथ उनकी 200वीं जयंती का उल्लेख रहेगा। सिक्के पर 1826 और 2026 वर्ष भी दर्ज होंगे। इसके अलावा शदाणी दरबार तीर्थ, रायपुर की पांचवीं पीठाधीश होने का उल्लेख किया जाएगा।
राष्ट्रपति के रायपुर और बस्तर दौरे पर नजर
रायपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सेवा महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में शामिल होने और जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम निर्धारित है। मुख्यमंत्री निवास में उनके सम्मान में रात्रिभोज भी प्रस्तावित है।
शुक्रवार को राष्ट्रपति जगदलपुर पहुंचकर बस्तर दशहरे की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी। इसके साथ ही लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को भी संबोधित करेंगी।
और पढ़ें
- रायपुर न्यूज़
- रायपुर न्यूज़
- ताज़ा खबरें
- रायपुर में 23 अक्टूबर से क्षेत्रीय वैदिक गणित मेला, चार प्रांतों के 300 विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा
- माना कैंप में जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पंडाल, गुरुचरण सिंह होरा ने किए मां के दर्शन
- रायपुर के सरस्वती शिशु मंदिर सरस्वती विहार में कन्या भोज का आयोजन, नौ कन्याओं का पूजन कर दिया सम्मान