विप्र महाविद्यालय रायपुर बना अंतर महाविद्यालयीन वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता का विजेता | Raipur News Today
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
आज की रायपुर खबर के अनुसार... गरियाबंद। शासकीय वीर सुरेंद्र साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गरियाबंद में उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित अंतर महाविद्यालयीन वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता में विप्र महाविद्यालय रायपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में रायपुर सेक्टर के अंतर्गत आने वाली 19 टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल के पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ महाविद्यालय और कुरुद महाविद्यालय के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई, जिसमें कुरुद महाविद्यालय ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में विप्र महाविद्यालय रायपुर का मुकाबला मेजबान शासकीय वीर सुरेंद्र साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गरियाबंद से हुआ। इस मुकाबले में विप्र महाविद्यालय ने जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला विप्र महाविद्यालय रायपुर और कुरुद महाविद्यालय के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया और मुकाबले में रोमांच बना रहा। अंततः विप्र महाविद्यालय रायपुर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
व्यक्तिगत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गरियाबंद महाविद्यालय के कृष्णा ठाकुर को बेस्ट प्लेयर, कुरुद महाविद्यालय के आभास को बेस्ट स्मैशर तथा विप्र महाविद्यालय के युवराज को बेस्ट सेटर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के क्रीड़ा विभाग से डॉ. चंद्रकांत अगासे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय वीर सुरेंद्र साय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर.के. तलवरे ने की। रायपुर से पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. करमिश संबरकर उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आधार पर रायपुर सेक्टर की टीम का चयन किया गया, जो आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायक के रूप में दुर्गा पटनायक, संजीव साहू, सूरज महाड़िक, नंदकुमार रात्रे, राजू साहू, पुरण साहू और खोमेश्वर साहू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन गिरीश शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. आर.के. तलवरे ने किया।
इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ा अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।