छत्तीसगढ़ 4 मिनट पढ़ें

गरियाबंद में जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा पूरा शहर

61 व्यूज़
गरियाबंद में जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा पूरा शहर
छत्तीसगढ़

गरियाबंद। मूसलाधार बारिश भी भगवान श्रीजगन्नाथ के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी। गुरुवार को गरियाबंद में निकली भव्य श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा में करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालु शामिल हुए। आधा किलोमीटर लंबी रथ यात्रा के दौरान पूरा शहर "जय जगन्नाथ" के जयघोष से गूंज उठा। बारिश थमते ही श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया तथा नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

श्री राम जानकी मंदिर, सिविल लाइन से श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल, गरियाबंद के तत्वावधान में रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। भगवान श्रीजगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा आकर्षक ढंग से सजे रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। जैसे ही रथ आगे बढ़ा, श्रद्धालु रथ की रस्सी खींचने के लिए उमड़ पड़े। यात्रा में युवा, महिलाएं, बच्चे, व्यापारी, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

रथ यात्रा श्री राम जानकी मंदिर से शुरू होकर भूतेश्वर चौक, तिरंगा चौक, कुम्हारापारा, सुभाष चौक, बजरंग चौक और मानस चौक होते हुए पुराना मंगल बाजार पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए, पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और मंगलकामनाएं कीं।

तिरंगा चौक पर समिति, नगर पालिका परिषद तथा राम राज युवा संगठन की ओर से भगवान की आरती उतारी गई। श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया और प्रसाद वितरण किया गया। यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीजगन्नाथ का अभिनंदन किया।

उत्पाद लोड हो रहे हैं…

रथ यात्रा में रायपुर का जय अम्बे धूमल, दुर्ग का साहू डीजे लाइट, ओडिशा के जूनागढ़ की मां मेलोडी, कवर्धा की रितेश लेजर लाइट, कालाहांडी कट्टपा टीम, राम सेतु चलित झांकी, श्री हरि संकीर्तन बालिका दल, मध्यप्रदेश के चिल्पी का बैगा लोक नृत्य तथा राजपुर की खेमिन बाई निषाद की छत्तीसगढ़ी फोक पंडवानी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। रंग-बिरंगी रोशनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भक्ति संगीत ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के दिन भगवान श्रीजगन्नाथ अपने भक्तों के बीच रथ पर सवार होकर आते हैं। यह यात्रा प्रेम, समरसता, सेवा और लोककल्याण का संदेश देती है। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

टैग्स

और पढ़ें

लेखक