हरदोई युवा महोत्सव के पांचवें सीजन का पहला ऑडिशन, 300 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
हरदोई, उत्तर प्रदेश। युवाओं की प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित हरदोई युवा महोत्सव के पांचवें सीजन का पहला ऑडिशन एचके लॉन में आयोजित किया गया। गायन, नृत्य और मॉडलिंग के लिए हुए ऑडिशन में करीब 300 प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी एवं अधिवक्ता अविनाश चंद्र गुप्ता और युवा समाजसेवी मिलन मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों और आयोजन टीम का मार्गदर्शन किया।
गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज से निर्णायक मंडल उस्मान सिद्दीकी, अजीत सिंह और अभिनव पाण्डेय को प्रभावित किया। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में शुभम बैशवार ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। विभिन्न गीतों पर प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
मॉडलिंग श्रेणी के मिस्टर एंड मिस हरदोई ऑडिशन में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ रैंप वॉक कर अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। मॉडलिंग के निर्णायक अभय शाह ने प्रतिभागियों को आवश्यक सुझाव भी दिए।
आयोजकों के अनुसार, हरदोई युवा महोत्सव का उद्देश्य हरदोई और आसपास के क्षेत्रों में छिपी युवा प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी कला और हुनर को बड़े स्तर पर प्रस्तुत कर सकें। गायन का संयोजन आयुष ठाकुर, नृत्य का शिवाय श्रीवास्तव तथा मॉडलिंग का संयोजन जतिन, कबीर और श्रद्धा ने किया।
ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने क्या बताया
ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि चयनित प्रतिभागियों को महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। दूसरे ऑडिशन की घोषणा जल्द की जाएगी। इससे पहले प्रेसवार्ता आयोजित कर महोत्सव और आगामी आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा साझा की जाएगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजक मंडल के अंशू गुप्ता, सुमित श्रीवास्तव और भानु सहित संयोजन टीम के निर्मल गुप्ता, पवन कश्यप, संकेत तिवारी, ऋषभ राजवंशी, राधे, प्रियांशु भारती, वैशाली, शीतल शुक्ला, आकाश सिंह, नीरज अस्थाना, अजितेश्वर शुक्ला, आयुष सिंह, उजूल, जतिन अवस्थी, कबीर त्रिपाठी, माधव सिंह, श्रद्धा चौरसिया, वैभव शुक्ला, हर्ष श्रीवास्तव, आकाश शुक्ला, प्रद्युम गुप्ता, गौरव गुप्ता और विधान समेत पूरी टीम का योगदान रहा।