MP Brijmohan Agrawal Visits Hora Residence
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
होरा निवास पहुंचे सांसद बृजमोहन अग्रवाल, स्व. प्रकाश कौर होरा को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस
रायपुर। ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा की माता, धर्मपरायण और स्नेही व्यक्तित्व की धनी स्वर्गीय प्रकाश कौर होरा के निधन के बाद से रायपुर स्थित देवेंद्र नगर के होरा निवास पर शोक व्यक्त करने वालों का लगातार आगमन हो रहा है। 3 दिसंबर को रायपुर में उनके देहावसान के पश्चात समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक जगत और राजनीतिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां होरा निवास पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर रही हैं तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रही हैं।
इसी क्रम में आज छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता एवं रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल होरा निवास पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय माता प्रकाश कौर होरा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। इस अवसर पर परिवार के वरिष्ठ सदस्य दिलेर सिंह होरा सहित अन्य परिजन भी उपस्थित रहे। सांसद अग्रवाल ने परिवार से भेंट कर इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि होरा परिवार से उनके पारिवारिक संबंध लंबे समय से रहे हैं। स्वर्गीय प्रकाश कौर होरा एक धार्मिक, सरल और स्नेहिल स्वभाव की महिला थीं, जिनका पूरा जीवन परिवार, संस्कार और समाज के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व का जाना न केवल होरा परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके संस्कार और मूल्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज होरा परिवार के साथ खड़ा है। “ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। हम सभी इस शोक की घड़ी में परिवार के साथ हैं,” ऐसा कहते हुए सांसद अग्रवाल ने अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
इस अवसर पर ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के आगमन और संवेदना व्यक्त करने के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस दुखद समय में मित्रों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों का साथ परिवार को संबल दे रहा है। “हमारी माता स्वर्गीय प्रकाश कौर होरा का जीवन सादगी, सेवा और संस्कारों से परिपूर्ण रहा। उनकी स्मृतियां और आशीर्वाद हमें सदैव सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे,” उन्होंने भावुक शब्दों में कहा।
होरा निवास पर लगातार पहुंच रहे लोगों द्वारा प्रार्थनाएं की जा रही हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना की जा रही है। शोक की इस घड़ी में पूरे शहर में होरा परिवार के प्रति संवेदना और सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है।

और पढ़ें
- छत्तीसगढ़ न्यूज़
- ताज़ा खबरें
- हांगकांग में इभानन का कमाल: स्पेशल ओलंपिक में छत्तीसगढ़ को 2 स्वर्ण
- दंतेवाड़ा में सर्विस राइफल साफ करते समय चली गोली, CISF जवान की मौत
- छत्तीसगढ़ में 2 लाख घरों का गृह प्रवेश, सक्ती को 122 करोड़ का तोहफा
- छत्तीसगढ़ के छह शहरों में लगेगा स्वदेशी मेला, सीएम साय ने किया पोस्टर-ब्रोशर विमोचन