खरोरा में गणेश चतुर्थी की धूम, ‘खरोरा के राजा’ के भव्य गणेशोत्सव की तैयारियां पूरी
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
खरोरा। नगर में गणेश चतुर्थी को लेकर उत्साह चरम पर है। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री सिद्धिविनायक गणेशोत्सव समिति, खरोरा द्वारा भव्य गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समिति की ओर से स्थापित किए जाने वाले ‘खरोरा के राजा’ की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
गणेशोत्सव को लेकर समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। भगवान श्री गणेश की विशाल और नयनाभिराम प्रतिमा को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्थापित किया जाएगा। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
भव्य पंडाल और आकर्षक विद्युत सज्जा
समिति द्वारा इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष थीम पर आधारित भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल को आकर्षक विद्युत सज्जा और मनमोहक रोशनी से सजाया गया है। शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठेगा, जिससे गणेशोत्सव का माहौल और भी भव्य नजर आएगा।
महाआरती और भोग-भंडारे का आयोजन
गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और संध्याकाल में विधिवत आरती का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान गणेश की आराधना करेंगे और आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके साथ ही समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भोग एवं भंडारे का वितरण भी किया जाएगा।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर पूरे नगर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। बाजारों और प्रमुख स्थानों पर भी त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
श्री सिद्धिविनायक गणेशोत्सव समिति द्वारा हर वर्ष गणेशोत्सव को भव्य रूप देने के साथ धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी समिति ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने की तैयारी की है। ‘खरोरा के राजा’ के दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है।