राज्य खेल अलंकरण समारोह में 125 खिलाड़ियों का सम्मान, गुरुचरण सिंह होरा ने दी शुभकामनाएं | Raipur News Today
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
आज की रायपुर खबर के अनुसार... रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य खेल अलंकरण समारोह 2026 का आयोजन किया गया। समारोह में तीन वित्तीय वर्षों 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के कुल 125 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन लाल साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद विजय अग्रवाल सहित मंत्री, विधायक और खेल जगत से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में 82 खेल प्रतिभाओं को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किया गया, जबकि पांच टीमों के 43 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेल अंकुर, खेल गौरव और खेल शिखर पुरस्कारों के विजेताओं को प्रोत्साहन राशि भी दी गई। करीब तीन वर्ष बाद आयोजित इस समारोह को प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना गया।
गुरुचरण सिंह होरा ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा भी समारोह में उपस्थित रहे। उन्होंने सम्मानित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करना उनका मनोबल बढ़ाने वाला कदम है।
होरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन मिलने से प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी। उन्होंने सभी सम्मानित खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि खिलाड़ी मेहनत एवं लगन के साथ प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहें।
प्रमुख पुरस्कारों से सम्मानित हुईं खेल प्रतिभाएं
तीनों वर्षों में शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार के तहत सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें फेंसिंग, वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन, तैराकी, फुटबॉल, आर्चरी, कबड्डी, नेटबाल और पैरा एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ी शामिल रहे।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार के तहत जूनियर वर्ग की खेल प्रतिभाओं को सम्मान मिला। वहीं वीर हनुमान सिंह पुरस्कार प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को प्रदान किया गया। वरिष्ठ खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक वर्ग में शहीद विनोद चौबे सम्मान से भी खेल क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
वॉलीबाल से जुड़े वरिष्ठ खेल पदाधिकारी एवं खिलाड़ी मो. अकरम खान को भी शहीद विनोद चौबे सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ट्रॉफी के तहत पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग, साफ्टबाल और तीरंदाजी सहित विभिन्न दलीय खेलों की टीमों को सम्मान मिला। तीनों वर्षों में 30 से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान भी प्रदान किया गया।
समारोह में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, RDA अध्यक्ष नंदे साहू, छत्तीसगढ़ वालीबॉल संघ के अध्यक्ष महेश गागड़ा, छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष जी.एस. भांबरा सहित बड़ी संख्या में खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
और पढ़ें
- रायपुर न्यूज़
- रायपुर न्यूज़
- ताज़ा खबरें
- वॉलीबॉल के ‘अकरम भैया’ को राज्य खेल अलंकरण, हजारों खिलाड़ियों को दी नई पहचान
- पीएम मोदी के 25 वर्षों का सेवा काल अतुलनीय और अनुकरणीय: सांसद बृजमोहन अग्रवाल, ‘सेवा संकल्प अभियान’ का किया आह्वान
- ‘विकसित भारत’ की मजबूत नींव है युवा और खेल शक्ति: सांसद बृजमोहन अग्रवाल, खेलो इंडिया संवाद में युवाओं को किया प्रेरित