ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी, धरसींवा में शुरू होगा उप रजिस्ट्रार कार्यालय
धरसींवा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। विधायक अनुज शर्मा के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप धरसींवा ब्लॉक मुख्यालय में नवीन उप रजिस्ट्रार (उप पंजीयक) कार्यालय की स्थापना को शासन ने मंजूरी दे दी है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिससे क्षेत्र के 60 गांवों के हजारों लोगों को अब रजिस्ट्री संबंधी कार्यों के लिए रायपुर नहीं जाना पड़ेगा।
अब तक धरसींवा क्षेत्र के नागरिकों को जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने के लिए रायपुर स्थित उप पंजीयक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे समय, धन और श्रम की अतिरिक्त हानि होती थी। लंबे समय से क्षेत्र में उप रजिस्ट्रार कार्यालय की मांग उठ रही थी, जिसे विधायक अनुज शर्मा ने गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर लगातार पहल की।
विधायक अनुज शर्मा ने क्या कहा
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता से वादा किया था कि शासकीय सेवाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धरसींवा में उप रजिस्ट्रार कार्यालय की स्थापना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में सुविधाएं उपलब्ध होंगी और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन ने धरसींवा क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार कर जनता को बड़ी राहत प्रदान की है। विधायक ने विश्वास जताया कि नए कार्यालय के संचालन से राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिलेंगी।
नए उप पंजीयक कार्यालय के अंतर्गत 60 गांवों को शामिल किया गया है, जिनमें कुरा, भेरवा, पंडरभट्टा, मुरा, भैंसमुड़ा, बरतनारा, अकोली, मनोहरा, देवरी, मेहरशखा, कुकेरा, कुथरैल, मौहागांव, मलौद, सिलयारी, कुरूद, पथरी, तरेसर, मंगसा, पवनी, निलजा, तर्रा, बरबंदा, नेउरडीह, नगरगांव, टोर, गिधौरी, गोढ़ी, मोंहदी, रैता, धरसींवा, तिवरैया, परसतराई, सिलतरा, मुनरेठी, टाडा, मांढर, गिरौद, सौंढ़रा, बहेसर, चिखली, कुम्हारी, सारागांव, दौंदेकला, दौंदेखुर्द, जरौदा, छपोरा, भुरकोनी, टेकारी, चरौदा, बाना, कपसदा, धनेली, सांकरा, निमोरा, कन्हेरा, लालपुर, मटिया, कारा और बोरझरा शामिल हैं।
अधिसूचना जारी होने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, किसानों और जनप्रतिनिधियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए विधायक अनुज शर्मा का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि इससे न केवल प्रशासनिक कार्य आसान होंगे, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।