गौरी गणेश स्पंज आयरन प्लांट ने सीएसआर से गांव को दी नई पहचान
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
खरोरा। तिल्दा विकासखंड के ग्राम मढ़ी में स्थित गौरी गणेश स्पंज आयरन प्लांट अपने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत ग्रामीण विकास के विभिन्न कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रहा है। शिक्षा, जल संरक्षण, स्वच्छता और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से कंपनी गांव के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव ग्रामीणों के जीवन स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

गांव के प्रमुख जल स्रोत धोबा तालाब का सौंदर्यीकरण प्लांट द्वारा कराया गया है। तालाब के घाटों की मरम्मत के साथ पूरे परिसर की साफ-सफाई कर इसे नया स्वरूप दिया गया है। इससे तालाब न केवल ग्रामीणों के दैनिक उपयोग के लिए अधिक सुविधाजनक बना है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बन गया है। ग्रामीणों के अनुसार तालाब की सफाई और संरक्षण से जल संचयन को बढ़ावा मिला है तथा भूजल स्तर में भी सुधार दर्ज किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी कंपनी ने उल्लेखनीय पहल की है। ग्राम मढ़ी हाई स्कूल में भव्य मुख्य द्वार का निर्माण कराया गया है, जिससे विद्यालय की पहचान और आकर्षण बढ़ा है। इसके साथ ही स्कूल भवन में नई खिड़कियां लगाई गई हैं, जिससे कक्षाओं में प्रकाश और वेंटिलेशन की बेहतर व्यवस्था हो सकी है। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में प्रार्थना शेड का निर्माण भी कराया गया है। इससे अब धूप और बारिश के दौरान भी प्रार्थना सभा एवं अन्य गतिविधियां सुचारू रूप से आयोजित की जा रही हैं।
सामुदायिक विकास के तहत ग्राम पंचायत भवन परिसर में चौपाल शेड का निर्माण कराया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से पंचायत बैठकों, सामाजिक कार्यक्रमों और ग्रामीण आयोजनों के संचालन में आसानी हुई है। पहले खुले में होने वाली बैठकों में मौसम संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जो अब काफी हद तक समाप्त हो गई हैं।
इसके अलावा गांव के प्राचीन महामाया मंदिर का पुनर्निर्माण कर उसे नया और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है। मंदिर के सौंदर्यीकरण से ग्रामीणों की आस्था के इस प्रमुख केंद्र की गरिमा और रौनक बढ़ी है।
प्लांट प्रबंधन के अनुसार सीएसआर मद से प्रतिवर्ष सात लाख रुपये से अधिक की राशि केवल ग्राम मढ़ी के विकास कार्यों पर व्यय की जाती है। इन परियोजनाओं से गांव की आधारभूत सुविधाएं मजबूत हुई हैं और ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी के सहयोग से गांव की तस्वीर तेजी से बदल रही है तथा विकास कार्यों से जीवन की गुणवत्ता में सुधार आया है।
प्लांट प्रबंधन ने भविष्य में भी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन को प्राथमिकता देते हुए ग्राम मढ़ी में आवश्यकतानुसार नए विकास कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है। कंपनी का लक्ष्य ग्राम मढ़ी को एक आदर्श और विकसित गांव के रूप में स्थापित करना है।