खरोरा गणेश विसर्जन में उमड़ा आस्था का सैलाब, विधायक अनुज शर्मा ने की पुष्प वर्षा, ढोल-ताशों पर थिरके
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
खरोरा, छत्तीसगढ़। खरोरा में गणेश विसर्जन के अवसर पर भव्य झांकियों की शोभायात्रा निकाली गई। भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। शोभायात्रा के दौरान विधायक ने झांकियों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
गणेश विसर्जन की शोभायात्रा के दौरान पूरा खरोरा नगर 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों से गूंज उठा। आकर्षक झांकियों और पारंपरिक ढोल-ताशों की थाप ने उत्सव के माहौल को भक्तिमय बना दिया। रातभर चले इस आयोजन में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, कला और धार्मिक आस्था की झलक देखने को मिली।
विधायक ने क्षेत्रवासियों की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भगवान गणेश से पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश का आशीर्वाद खरोरा के प्रत्येक परिवार, किसान, युवा और माताओं-बहनों पर बना रहे।
भव्य झांकियों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि खरोरा में श्रद्धा, भक्ति और कलात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला है। गणेश उत्सव की झांकियां क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, आपसी भाईचारे और सामूहिक एकता का प्रतीक हैं।
ढोल-ताशों पर युवाओं के साथ थिरके विधायक
उत्सव के दौरान विधायक अनुज शर्मा आम लोगों के बीच पहुंचे और ढोल-ताशों की थाप पर युवाओं के साथ झूमते नजर आए। उनके इस अंदाज से उपस्थित श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। उन्होंने विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ आयोजन में सहभागिता की।
शोभायात्रा के दौरान विधायक ने विभिन्न समितियों की झांकियों का स्वागत किया और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
शांतिपूर्ण आयोजन के लिए समितियों और प्रशासन को धन्यवाद
विधायक ने विशाल जनसमूह की मौजूदगी के बावजूद आयोजन के शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न होने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों, कलाकारों, जागरूक नागरिकों, पुलिस और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से इतना बड़ा धार्मिक आयोजन बिना किसी विवाद के शांति और सद्भाव के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने नम आंखों से भगवान गणेश को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की प्रार्थना की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
और पढ़ें
- खरोरा न्यूज़
- खरोरा न्यूज़
- ताज़ा खबरें
- खरौरा में गणेश झांकी समितियों का भव्य सम्मान, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने किया सम्मानित
- गणेश झांकी विसर्जन से पहले खरोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 उपद्रवियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
- वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण, खरोरा में 1420 लोगों ने किया सामूहिक गायन