"कला की कार्यशाला" में बच्चों और महिलाओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, प्रशस्ति पत्र से हुए सम्मानित | Raipur News Today
आज की रायपुर खबर के अनुसार... रायपुर। लावण्या फाउंडेशन द्वारा 9 जून 2026 को वृंदावन हॉल, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित "कला की कार्यशाला" कार्यक्रम उत्साह, उमंग और रचनात्मकता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं ने अपनी कला प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए संगीत, नृत्य, वाद्य यंत्र एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
महिलाओं का सम्मान समारोह
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लावण्या फाउंडेशन द्वारा संचालित रॉयल इवेंट्स एंड म्यूज़िक अकैडमी में वर्षभर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों एवं महिलाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन और सक्रिय सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर समर क्लास का समापन भी किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एलएफडी डांस क्रू के बच्चों की प्रस्तुति रही। प्रदेश के पहले टीवी डांस रियलिटी शो "छत्तीसगढ़ी ठुमका" में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे इन बच्चों ने महिला सशक्तिकरण और छत्तीसगढ़ी लोकगीतों पर आधारित शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इनमें अधिकांश बच्चे ऐसे हैं जिन्हें लावण्या फाउंडेशन ने गोद लेकर शिक्षा और सांस्कृतिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया है।
लावण्या फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष संदीप शर्मा ने क्या कहा
लावण्या फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा कि कला समाज को जोड़ने और सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों और महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए निरंतर मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्र...
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा तथा पद्मश्री मदन चौहान उपस्थित रहे। अतिथियों ने फाउंडेशन द्वारा शिक्षा एवं कला के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, कला प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं...
इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, कला प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन ऋतु श्रीवास्तव ने किया।