राजनांदगांव : सेवा संकल्प अभियान – सेवा मेरा योगदान के तहत जनभागीदारी से शिवनाथ नदी तट पर चला स्वच्छता ही सेवा
इस खबर की वेब स्टोरी देखें- महापौर सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता दीदियों, सफाई मित्रों और नागरिकों ने किया श्रमदान।
- नदी तट एवं विसर्जन कुण्ड की सफाई कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
राजनांदगांव 23 सितम्बर 2026।
सेवा मेरा योगदान के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान में आज मोहारा स्थित शिवनाथ नदी तट एवं विसर्जन कुण्ड के पास जनभागीदारी का उत्साहपूर्ण नजारा देखने को मिला। महापौर श्री मधुसूदन यादव के नेतृत्व में आयोजित स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों, सफाई मित्रों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने एक साथ श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। सभी ने मिलकर नदी तट एवं विसर्जन कुण्ड के आसपास साफ-सफाई की, झिल्ली-पन्नी एवं अन्य कचरा एकत्र किया तथा कटिली झाडिय़ों की कटाई की। शिवनाथ नदी से पूजा सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट भी बाहर निकाला गया।
एक साथ जुटे जनप्रतिनिधि और नागरिक, दिया सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश -।
अभियान में महापौर श्री मधुसूदन यादव, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, पूर्व मंडी उपाध्यक्ष श्री कोमल सिंह राजपूत, दिग्विजय स्टेडियम समिति के सचिव श्री रमेश पटेल, निगम अध्यक्ष श्री टोकेन्द्र सिंह पारस वर्मा, निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम सहित पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों के साथ स्वयं श्रमदान किया। स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के साथ जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने कचरा उठाकर यह संदेश दिया कि स्वच्छ शहर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को मिलेगी स्थायी सफलता - महापौर।
महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का मूल उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से जोडऩा है। 17 सितम्बर को शीतला मंदिर परिसर एवं रानी सागर-बूढ़ा सागर के आसपास स्वच्छता अभियान से शुरू हुई गतिविधियों के बाद लगातार विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज शिवनाथ नदी तट एवं विसर्जन कुण्ड के पास नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ किया गया श्रमदान इसी जनभागीदारी की कड़ी है। उन्होंने कहा कि गणेश पर्व के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों एवं गणेश पंडालों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। विसर्जन से पहले नदी तट एवं विसर्जन कुण्ड की सफाई भी की गई है। निगम द्वारा प्रतिदिन सफाई व्यवस्था की जाती है, लेकिन नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छता को स्थायी रूप दिया जा सकता है। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता ही सेवा अभियान से जुड़कर अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
वार्डों में भी स्वच्छता जनभागीदारी बढ़ाने का लिया संकल्प -।
अभियान में शामिल पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों के नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोडऩे और नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि और नागरिक मिलकर स्वच्छता के लिए आगे आते हैं, तो स्वच्छता अभियान जनआंदोलन का रूप लेता है। नागरिकों ने भी सार्वजनिक स्थानों, नदी-तालाबों और विसर्जन स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने का संकल्प लिया।
स्वच्छता गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर - आयुक्त।
निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत निगम द्वारा विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें जनभागीदारी से तालाब सफाई, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की सफाई, प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रति जागरूकता, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, गणेश पंडाल एवं विसर्जन कुण्ड की सफाई तथा स्कूलों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि घर से ही कचरे का पृथक्करण कर स्वच्छता दीदियों को कचरा सौंपें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता को जनअभियान का रूप दिया जा सकता है। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य श्री शैंकी बग्गा, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य श्री सुनील साहू, श्री सावन वर्मा, श्री आलोक श्रोती, कनिष्ठ सभापति श्री संदीप बघेल, पार्षद सर्वश्री शिव वर्मा, मनोहर यादव, हेमंत शेखर यादव, प्रमोद झंझाणे, अरुण साहू, सतीश साहू, रवि सिन्हा, डूरेन्द्र साहू, सेवक उईके, संतोष साहू, चन्द्रकृत साहू, नामांकित पार्षद श्री सूर्यकांत श्रीवास, पूर्व पार्षद श्री विजय राय, पूर्व नामांकित पार्षद श्री हकीम खान, पार्षद प्रतिनिधि श्री राजेश यादव, श्री पंकज कुरंजेकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। क्रमांक 143 -----------------
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़ शासन।