गरियाबंद में स्प्रिंगबोर्ड स्कूल का डांस कॉम्पिटिशन एवं फन फीस्ट 2026 संपन्न, नन्हे कलाकारों ने बिखेरा जलवा
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
गरियाबंद। विद्यार्थियों की प्रतिभा, कला और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से स्प्रिंगबोर्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स द्वारा आयोजित इंटर स्कूल डांस कॉम्पिटिशन एवं फन फीस्ट 2026 का भव्य समापन हुआ। कलेक्टर कार्यालय के पीछे स्थित स्प्रिंगबोर्ड किड्स स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। तीन चरणों में आयोजित प्रतियोगिता का फाइनल राउंड 23 नवंबर को उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य शामिल हुए।
फाइनल राउंड में बच्चों ने पारंपरिक, आधुनिक और विभिन्न लोकप्रिय नृत्य शैलियों में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के आत्मविश्वास, शानदार तालमेल और मंच पर उनकी कला ने उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। आयोजन को मनोरंजक बनाने के लिए क्विज प्रतियोगिता और लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता की निर्णायक हेमलता ध्रुव एवं पद्मिनी साहू रहीं। उन्होंने नृत्य शैली, भाव-भंगिमा, तालमेल, रचनात्मकता और मंच पर आत्मविश्वास के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
चार श्रेणियों में घोषित हुए विजेता
कैटेगरी A (PG Nursery से LKG): एकल नृत्य में वान्या साहू प्रथम, आदित्य कंवर द्वितीय और जयश्री साहू तृतीय रहीं। समूह नृत्य में त्रिशा साहू एवं समूह विजेता और वानिया सोम एवं समूह उपविजेता रहे।
कैटेगरी B (UKG से कक्षा 2): एकल नृत्य में रागिनी नाग प्रथम, दीपांश तिर्की द्वितीय और शिवन्या हेमने तृतीय रहीं। समूह नृत्य में रिदम साहू एवं समूह विजेता तथा आभास रोहरा एवं समूह उपविजेता रहे।


कैटेगरी C (कक्षा 3 से 5): एकल नृत्य में झरना नेताम प्रथम, गम्या ठाकुर द्वितीय और अमन भारती तृतीय रहे। समूह नृत्य में दुर्गेश साहू एवं समूह विजेता तथा जान्हवी साहू एवं समूह उपविजेता रहे।
कैटेगरी D (कक्षा 6 से 10): एकल नृत्य में ट्विंकल देवांगन प्रथम, कींजल कश्यप द्वितीय और साक्षी साहू तृतीय रहीं। समूह नृत्य में विकास पिंजारा एवं समूह विजेता तथा प्रिया ध्रुव एवं समूह उपविजेता रहे।
सभी विजेताओं को पुरस्कार एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहित किया गया।
बच्चों की प्रतिभाओं को मंच देना हमारा उद्देश्य : इसहाक बाघ
स्प्रिंगबोर्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स के संचालक इसहाक बाघ ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना भी है। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष क्षमता होती है, जिसे उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से निखारा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं। प्रतियोगिता में जीतना महत्वपूर्ण है, लेकिन भागीदारी करना और लगातार बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में स्प्रिंगबोर्ड पब्लिक हाई स्कूल, सोहागपुर की प्राचार्या कुसुमवती बाघ एवं स्प्रिंगबोर्ड किड्स स्कूल, गरियाबंद की प्राचार्या दीपिका तिर्की विशेष रूप से उपस्थित रहीं। आयोजन को सफल बनाने में खिलेश चंद्राकर, अनिशा लकड़ा, नेहा श्रीवास, चेतना सिन्हा, पल्लवी साहू, सुमन साहू, रानू तिवारी सहित समस्त विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में आयोजकों ने अतिथियों, निर्णायकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
इसी विषय पर
- छत्तीसगढ़ के 461 गांवों को मिलेगी ऑन-ग्रिड बिजली, ₹435 करोड़ की मंजूरी 23 नवंबर 2026
- छत्तीसगढ़ की स्वर्ण स्याही पांडुलिपि दिल्ली में, दुर्लभ धरोहर का प्रदर्शन 23 नवंबर 2026
- पीएम स्वनिधि: छत्तीसगढ़ को 5 राष्ट्रीय पुरस्कार, 'फास्टेस्ट मूवर्स' में देश में प्रथम 20 नवंबर 2026
- छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को 3 लाख की वित्तीय सहायता 20 नवंबर 2026
- भारत मंडपम में गूंजेगी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति: राज्योत्सव की धूम 19 नवंबर 2026
- छत्तीसगढ़: सुहेला में सीएम साय देंगे 459 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात 19 नवंबर 2026