सुशासन तिहार में बड़ा हादसा, भोजन स्थल पर गिरा विशाल पीपल का पेड़, 7 घायल
गरियाबंद। जिले में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भोजन निर्माण स्थल के पास खड़ा एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और भोजन तैयार करने की व्यवस्था की जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ पुराना पीपल का पेड़ बीच से टूटकर नीचे गिर गया। पेड़ गिरते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पेड़ की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
राहतकर्मियों ने पेड़ के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायलों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय तक कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित पीपल का पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका था, जिसकी पहले से जांच नहीं कराई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि पेड़ की कमजोरी के कारण यह अचानक गिर गया।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों से पहले आयोजन स्थलों और आसपास मौजूद पुराने व जर्जर पेड़ों का सर्वे और निरीक्षण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
और पढ़ें
- छत्तीसगढ़ न्यूज़
- ताज़ा खबरें
- पौधारोपण, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान और विकास चर्चा, रायपुर दौरे में व्यस्त रहे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
- ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में शामिल हुए गिरिराज सिंह, विकास कार्यों पर भी हुई अहम चर्चा
- राजनांदगांव की महक बनीं अंडर-19 महिला क्रिकेट उपकप्तान, CM ने किया सम्मानित
- छत्तीसगढ़ में ₹9,580 करोड़ का निवेश, 7,800 नई नौकरियां: इन्वेस्टर कनेक्ट की सफलता