धरसींवा से खरोरा तक अनुज शर्मा की भव्य तिरंगा शौर्य यात्रा
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा शौर्य यात्रा निकाली गई। “एक कदम देश के नाम” के संकल्प के साथ आयोजित इस विशाल बाइक रैली की शुरुआत विधानसभा चौक से राष्ट्रीय ध्वज लहराकर की गई। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
यात्रा के दौरान विधायक अनुज शर्मा स्वयं बुलेट पर सवार होकर रैली का नेतृत्व करते रहे। सैकड़ों लोगों के हाथों में तिरंगा और भारत माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के माहौल में सराबोर नजर आया।
यह शौर्य यात्रा विधानसभा चौक से शुरू होकर बरोदा, भुरकोनी, मांढ़र, सिलतरा, चरौदा, धरसींवा, कुंरा, देवरी, मनोहरा, कुथरेल, मलौद, कुरुद, सिलयारी, बरतोरी, खौना, कुर्रा, बंगोली, मुरा और मोहरेंगा सहित करीब 20 गांवों से गुजरते हुए नगर पंचायत खरोरा पहुंची। पूरे मार्ग में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, आरती और आतिशबाजी के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया।
खरोरा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने क्या कहा
खरोरा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि “तिरंगा सिर्फ तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का स्वाभिमान और अमर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक रैली नहीं, बल्कि देश के वीर बलिदानियों के प्रति श्रद्धांजलि और राष्ट्रभक्ति का संदेश है।
उन्होंने तिरंगे के रंगों की व्याख्या करते हुए कहा कि केसरिया रंग वीरत...
उन्होंने तिरंगे के रंगों की व्याख्या करते हुए कहा कि केसरिया रंग वीरता, सफेद रंग शांति और हरा रंग समृद्धि का प्रतीक है, जबकि अशोक चक्र देश की निरंतर प्रगति और गतिशीलता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जब कोई नागरिक हाथ में तिरंगा लेकर निकलता है, तो वह पूरे देश के सम्मान और एकता का प्रतिनिधित्व करता है।
विधायक ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए भारत को विश्वगुरु बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने लोगों से ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही सभी से देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा “राष्ट्र सर्वोपरि” की भावना को मजबूत करने की अपील की।
यात्रा के समापन पर विधायक अनुज शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं, युवाओं, मातृशक्ति और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ।