‘मन की बात’ में पीएम मोदी का युवाओं और किसानों को संदेश, खरोरा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया सामूहिक श्रवण
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
खरोरा। नगर पंचायत खरोरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं, किसानों, महिलाओं और पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों से संवाद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए देशवासियों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाने का आह्वान
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने किसानों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों के इस्तेमाल से खेती को अधिक उत्पादक और लाभदायक बनाया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की छोटी-सी पहल भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया सामूहिक श्रवण
खरोरा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं ‘मन की बात’ कार्यक्रम रायपुर जिला ग्रामीण के प्रभारी अनिल सोनी ने बताया कि कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अमीन खान के निवास पर किया गया।
संगठन के निर्देशानुसार कार्यक्रम में शामिल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सरल ऐप के माध्यम से कार्यक्रम की तस्वीरें भी अपलोड कीं।
इस अवसर पर धरसींवा विधानसभा विधायक अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष वेदराम मनहरे, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, मत्स्य बोर्ड के उपाध्यक्ष लखन लाल धीवर, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्वाति वर्मा, नरेंद्र ठाकुर, सुमित सेन, सोना वर्मा, राजीव अग्रवाल, सुरेंद्र वर्मा, विकास ठाकुर, रमेश शर्मा, गुलाब टिकरिहा, शिव शंकर वर्मा, दीपक धनकर, माया वंशे और तोरन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
सामूहिक श्रवण के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।