रायपुर: गुरुकुल महिला महाविद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी | Raipur News Today
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
आज की रायपुर खबर के अनुसार... रायपुर। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से गुरुकुल महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी रायपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के कंप्यूटर विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय "डिजिटल युग में साइबर अपराध : डिजिटल अरेस्ट से बैंकिंग धोखाधड़ी तक – चुनौतियां, कानूनी प्रावधान एवं सुरक्षा उपाय" रखा गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जितेंद्र कुमार सोनवानी एवं चंद्रकिरण मनकर, सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर की टीम उपस्थित रही।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सांध्य गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक ने शिक्षा, बैंकिंग, व्यापार और दैनिक जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराधों की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सजग और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के तरीकों की दी जानकारी
मुख्य वक्ता जितेंद्र कुमार सोनवानी ने डिजिटल अरेस्ट के बढ़ते मामलों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी पुलिस, सरकारी एजेंसियों और न्यायिक संस्थाओं के नाम का दुरुपयोग करके आम लोगों को डराते हैं और उनसे पैसे की मांग करते हैं।
उन्होंने छात्राओं को समझाया कि किसी भी सरकारी अधिकारी या एजेंसी के नाम पर फोन अथवा वीडियो कॉल के माध्यम से धमकाकर पैसे मांगने पर सतर्क रहना चाहिए। बिना सत्यापन किसी के दबाव में आकर धनराशि ट्रांसफर नहीं करनी चाहिए।
बैंकिंग फ्रॉड और साइबर कानूनों पर चर्चा
दूसरे मुख्य वक्ता चंद्रकिरण मनकर ने बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने डिजिटल अधिकारों और कानूनी सुरक्षा उपायों की जानकारी होना जरूरी है। छात्राओं को सलाह दी गई कि वे अपना ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
दोनों न्यायिक अधिकारियों ने छात्राओं के सवालों के जवाब दिए और साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने, संबंधित बैंक को सूचित करने तथा कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई।
NSS और कंप्यूटर विभाग ने किया आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. रात्रि लहरी, जिला संगठक, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं डॉ. अमिता तेलंग, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर विभाग के संयोजन में किया गया। मंच संचालन डॉ. दीपशिखा शर्मा ने किया।
अंत में डॉ. रात्रि लहरी ने अतिथियों, प्राचार्य, प्राध्यापकगण, आयोजन समिति और उपस्थित छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों द्वारा दी गई व्यावहारिक जानकारी छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
इसी विषय पर
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का, गुरुचरण सिंह होरा बने साक्षी 22 अक्टूबर 2026
- रायपुर में 23 अक्टूबर से क्षेत्रीय वैदिक गणित मेला, चार प्रांतों के 300 विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा 22 अक्टूबर 2026
- माना कैंप में जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पंडाल, गुरुचरण सिंह होरा ने किए मां के दर्शन 19 अक्टूबर 2026
- रायपुर के सरस्वती शिशु मंदिर सरस्वती विहार में कन्या भोज का आयोजन, नौ कन्याओं का पूजन कर दिया सम्मान 17 अक्टूबर 2026
- मामागिग्स क्लब ने महापौर मीनल चौबे को दी जन्मदिन की बधाई 16 अक्टूबर 2026
- मां महाकाली के दरबार पहुंचे गुरुचरण सिंह होरा, नए भवन के निर्माण में सहयोग की अपील 12 अक्टूबर 2026