21.6 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी पुलिस गिरफ्त में
रायपुर (ग्रामीण) जिले के खरोरा थाना पुलिस ने "ऑपरेशन निश्चय" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 120 पौवा मसाला शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 72 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आत्माराम घृतलहरे (52 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 08, पचरी, थाना खरोरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से तीन सफेद प्लास्टिक की बोरियों में रखे 120 पौवा सवा शेरा कंपनी की मसाला शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी। कुल जब्त शराब की मात्रा 21 लीटर 600 मिलीलीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PL 5963 भी जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये है।
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती चंचल तिवारी के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में की गई।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नहरडीह में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध शराब बरामद हुई। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खरोरा में अपराध क्रमांक 374/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
खरोरा पुलिस ने क्या कहा
खरोरा पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।