त्योहारों से पहले खरोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 19 उपद्रवियों पर कसा शिकंजा
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
खरोरा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से खरोरा पुलिस ने असामाजिक तत्वों और उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए त्वरित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है।
इसी अभियान के तहत 2 सितंबर 2026 को खरोरा थाना पुलिस ने गांवों में अवैध शराब विक्रय, शराब सेवन के बाद उपद्रव करने और परिवार तथा ग्रामीणों को परेशान करने संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई की। पुलिस ने कुल 17 उपद्रवियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सक्षम न्यायालय खरोरा के समक्ष पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने के बाद आरोपियों को केंद्रीय जेल रायपुर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित न हो और आम लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके, इसके लिए संदिग्ध एवं उपद्रवी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अवैध शराब की बिक्री और शराब के नशे में सार्वजनिक अथवा पारिवारिक स्तर पर विवाद करने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्ती बरत रही है।
इसके अलावा 02 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों के संबंध में पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस तरह पुलिस की कार्रवाई में कुल 19 लोगों को शामिल किया गया है।
खरोरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील भी की है।
और पढ़ें
- खरोरा न्यूज़
- खरोरा न्यूज़
- ताज़ा खबरें
- ‘मन की बात’ में पीएम मोदी का युवाओं और किसानों को संदेश, खरोरा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया सामूहिक श्रवण
- खरोरा में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ संगोष्ठी, मोहम्मद फ़ैज़ खान ने युवाओं को दिया एकता का संदेश
- नाग पंचमी और तृतीया सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़