छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के नए प्रदेश अध्यक्ष बने धीरेंद्र साहू
रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (CKS) की प्रदेश कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए धीरेंद्र साहू को संगठन का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कोरबा के घंटाघर चौक स्थित सियान सदन में आयोजित प्रादेशिक बैठक में सैकड़ों जिला पदाधिकारियों और सेनानियों की मौजूदगी में यह घोषणा की गई।
बैठक में वार्षिक भोजली महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की गई और निर्णय लिया गया कि प्रादेशिक त्योहारों को जिलेवार स्तर पर मनाया जाएगा। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई प्रदेश टीम का गठन किया गया। अधिवक्ता दिलीप मिरी को प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि अतुल दास महंत को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। उमगोपाल को प्रदेश उपाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में प्रदेश प्रभारी मोनी कठोत्रे, प्रदेश महामंत्री रूपेंद्र देवांगन और प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्ररथ वर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
संगठन ने इस बार विधि-विधाई (लीगल) टीम के गठन की भी घोषणा की। अधिवक्ता सुनील मानिकपुरी को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल करते हुए अधिवक्ताओं का एक पैनल तैयार किया गया है, जो संगठन के कार्यकर्ताओं को कानूनी सलाह और मुकदमों में सहायता उपलब्ध कराएगा। संगठन के अनुसार पिछले एक दशक में बड़ी संख्या में सेनानी विभिन्न मामलों में आरोपी बनाए गए हैं, जिनकी कानूनी सहायता के लिए यह कदम उठाया गया है।
रायपुर से नेहा वर्मा, जागेंद्र साहू, मनीष वर्मा और भामा साहू सहित कई जिला पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। 29 अगस्त को आयोजित होने वाले भोजली महोत्सव में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और महिला टीम को संगठन की मजबूत शक्ति बनाने के लिए विशेष रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में कोरबा, जांजगीर, रायगढ़, बिलासपुर और रायपुर सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ियावाद, जल-जंगल-जमीन और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा को लेकर जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र साहू ने क्या कहा
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र साहू ने कहा कि सीकेएस का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की प्रादेशिक पहचान को मजबूत करना है और संगठन इस दिशा में पूरी ताकत के साथ काम करेगा। प्रदेश संयोजक दिलीप मिरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ियावाद और स्वाभिमान की लड़ाई में कोई समझौता नहीं होगा।
प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्ररथ वर्मा ने क्या कहा
प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्ररथ वर्मा ने कहा कि संगठन लगातार सांस्कृतिक और भाषाई अस्मिता के संरक्षण के लिए कार्य कर रहा है। बैठक के अंत में प्रदेश प्रभारी मोनी कठोत्रे ने प्रदेशवासियों से 29 अगस्त को आयोजित भोजली महोत्सव में शामिल होने की अपील की।