खरोरा की बेटी अलका सोनी बनीं प्रेरणा
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
खरोरा। खरोरा नगर की होनहार छात्रा अलका सोनी ने एमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे खरोरा नगर में खुशी और गर्व का माहौल है।
अलका नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी सूरज सोनी एवं शोभा सोनी की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर विश्वविद्यालय में लगातार श्रेष्ठ विद्यार्थियों में स्थान बनाया है। एमिटी यूनिवर्सिटी में अध्ययन के दौरान भी वे अधिकांश सेमेस्टरों में प्रावीण्य सूची में शामिल रहीं और विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
विश्वविद्यालय की छात्रवृत्ति नीति के अनुसार, 92 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को वार्षिक शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाती है। अलका को भी उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के कारण इस सुविधा का लगातार लाभ मिलता रहा, जिससे परिवार को आर्थिक रूप से भी बड़ी राहत मिली।
अलका शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ब्राइटन इंटरनेशनल स्कूल से प्राप्त की, जहां भी उनका परीक्षा परिणाम हमेशा प्रावीण्य सूची में रहा। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें हर शैक्षणिक स्तर पर नई सफलताएं दिलाईं।
अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में अलका ने क्या बताया
अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में अलका ने बताया कि वह आगे पीएचडी करने की तैयारी करना चाहती हैं। साथ ही एमबीए की शिक्षा का उपयोग करते हुए अपने पैतृक ज्वेलरी व्यवसाय में अपने भाई आकाश सोनी का सहयोग करेंगी। उनका मानना है कि आधुनिक प्रबंधन शिक्षा के माध्यम से पारिवारिक व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
अलका की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और नगरवासियों ने उ...
अलका की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और नगरवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर प्रसिद्ध वास्तु विशेषज्ञ राणा सिकंदर ने भी अलका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मेहनत, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं।
अलका सोनी की यह सफलता खरोरा के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है, जो यह संदेश देती है कि निरंतर परिश्रम, लक्ष्य के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।