खरोरा के ज्वेलर्स हर शनिवार रखेंगे प्रतिष्ठान बंद, नियम उल्लंघन पर लगेगा ₹5100 का जुर्माना
खरोरा। नगर के सराफा व्यवसायियों ने व्यापारिक एकता और सुव्यवस्थित कार्य प्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह निर्णय सराफा एसोसिएशन खरोरा इकाई की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया, जो 31 मई को पॉम पैराडाइज होटल, माँठ में आयोजित की गई थी।
बैठक में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल की सहमति के साथ सराफा इकाई के अध्यक्ष शंभुदयाल सोनी, उपाध्यक्ष राजेंद्र सोनी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में व्यापार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई, जिनमें साप्ताहिक अवकाश का मुद्दा प्रमुख रहा।
विस्तृत चर्चा के बाद सभी सराफा व्यवसायियों ने ध्वनिमत से यह प्रस्ताव पारित किया कि खरोरा नगर की सभी ज्वेलरी एवं सराफा दुकानें प्रत्येक शनिवार को बंद रहेंगी। यह निर्णय आगामी शनिवार, 6 जून से प्रभावी होगा। बैठक में उपस्थित सभी व्यापारियों ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे व्यापारियों की एकता और सामूहिक हित में उठाया गया कदम बताया।
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष शंभुदयाल सोनी ने क्या कहा
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष शंभुदयाल सोनी ने कहा कि सभी व्यापारी नियमों का सम्मान करने वाले हैं और संगठन के निर्णयों का पालन करेंगे। इसके बावजूद यदि कोई व्यापारी इस नियम का उल्लंघन करता है और शनिवार को अपना प्रतिष्ठान खोलता है, तो उससे ₹5100 की पेनल्टी राशि वसूली जाएगी। इस प्रस्ताव का सभी व्यापारियों ने स्वागत किया और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने की सहमति दी।
बैठक में खरोरा नगर के प्रमुख सराफा व्यवसायी उपस्थित रहे, जिनमें शंभुदयाल सोनी (अंबे ज्वेलर्स), विवेक सोनी (श्री महावीर ज्वेलर्स), अनिल अग्रवाल (महालक्ष्मी ज्वेलर्स), संदीप सोनी (बालाजी ज्वेलर्स), राजेंद्र सोनी (श्री विनायक ज्वेलर्स), ऋषि चावला (गुरुचरण ज्वेलर्स), सुरेश सोनी (खीवराज ज्वेलर्स), पवन सोनी (शिव शक्ति ज्वेलर्स), मोनू देवगन (साधना ज्वेलर्स), सूरज सोनी तथा आकाश सोनी (सूरज सोना ज्वेलर्स) प्रमुख रूप से शामिल थे।
सराफा व्यवसायियों के इस सामूहिक निर्णय को नगर के व्यापारिक जगत में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। व्यापारियों का मानना है कि इससे संगठन की एकता और अधिक मजबूत होगी तथा सभी व्यवसायियों को साप्ताहिक अवकाश का लाभ भी मिलेगा।