खरोरा 4 मिनट पढ़ें

साउथ एशिया जनसरोकार सम्मान 2026 से सम्मानित होंगे खरोरा के वरिष्ठ पत्रकार गजेंद्ररथ गर्व

25 व्यूज़
साउथ एशिया जनसरोकार सम्मान 2026 से सम्मानित होंगे खरोरा के वरिष्ठ पत्रकार गजेंद्ररथ गर्व
खरोरा

खरोरा/अंबिकापुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर देशभर में विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अंबिकापुर में आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित साउथ एशिया जनसरोकार सम्मान समारोह 2026 में खरोरा के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं सामाजिक चिंतक गजेंद्ररथ गर्व को जनसरोकार सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाएगा।

माता राजमोहनी भवन, अंबिकापुर में आयोजित होने वाला यह भव्य कार्यक्रम पत्रकारिता, साहित्य, सामाजिक सरोकार और जनआंदोलनों से जुड़े व्यक्तित्वों का राष्ट्रीय संगम बनेगा। कार्यक्रम में देशभर के लेखक, साहित्यकार, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं एक्टिविस्ट एक मंच पर एकत्र होकर समकालीन आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

आयोजन समिति द्वारा रायपुर जिले के नगर खरोरा निवासी गजेंद्ररथ गर्व को उनकी पत्रकारिता, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसरोकारों के प्रति निरंतर सक्रिय भूमिका के लिए सम्मान हेतु चयनित किया गया है। उन्हें कार्यक्रम में वक्ता के रूप में संबोधन के लिए भी आमंत्रित किया गया है।

गजेंद्ररथ गर्व वर्तमान में छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे पूर्व में प्रतिष्ठित समाचार चैनलों IBC24 और विस्तार न्यूज में राजभाषा छत्तीसगढ़ी के संपादक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्तमान में वे प्रदेशवाद पत्रिका के संपादक के रूप में कार्यरत हैं।

उत्पाद लोड हो रहे हैं…

पत्रकारिता के साथ-साथ वे प्रदेश के स्थानीय पत्रकारों के अधिकारों की आवाज़ बुलंद करते रहे हैं। इसके अलावा भाषाई अस्मिता, जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए वे प्रदेश की प्रमुख गैर-राजनीतिक संस्था छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी कार्य कर रहे हैं।

गजेंद्ररथ गर्व के इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयनित होने पर छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के प्रदेश, जिला एवं खरोरा इकाई के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वहीं छत्तीसगढ़ फिल्म एसोसिएशन ने भी अपने प्रदेश प्रवक्ता, फिल्म लेखक एवं निर्देशक को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश संरक्षक दादा ठाकुर राम गुलाम सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष दिलीप मिरी ने इसे प्रदेश और खरोरा क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए गजेंद्ररथ गर्व को सम्मान हेतु चयनित किए जाने पर बधाई दी है।

टैग्स

और पढ़ें

लेखक