खरोरा 5 मिनट पढ़ें

खरौरा में पीएचई विभाग की लापरवाही से बढ़ी परेशानी, गड्ढों और कीचड़ से लोग बेहाल

68 व्यूज़
खरौरा में पीएचई विभाग की लापरवाही से बढ़ी परेशानी, गड्ढों और कीचड़ से लोग बेहाल
खरोरा

खरौरा नगर में पीएचई विभाग द्वारा किए जा रहे निर्माण और पाइपलाइन कार्यों को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। नगर के कई हिस्सों में सड़कों और गलियों को खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हल्की बारिश के बाद ही कई स्थानों की स्थिति बदतर हो गई है और लोगों का कहना है कि यदि तेज बारिश हुई तो हालात और अधिक खराब हो सकते हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार विभाग द्वारा कई जगह गड्ढे खोदने के बाद उन्हें सही तरीके से बंद नहीं किया गया। जहां गड्ढों को भरा भी गया है वहां सड़कें धंसने लगी हैं और मिट्टी बहने लगी है। लोगों का आरोप है कि कार्य में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा और केवल खानापूर्ति की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि जब शासन के कार्यों के लिए ठेकेदारों को पूरा भुगतान मिलता है तो फिर काम में इतनी बड़ी लापरवाही क्यों बरती जा रही है, यह समझ से परे है।

नगर का सबसे व्यस्त मार्ग माने जाने वाले तिगड्डा चौक से पुराने थाना रोड तक की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। इस सड़क पर दिनभर हजारों वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन सड़क खुदाई के बाद उसे व्यवस्थित नहीं किया गया। सड़क पर उड़ती धूल और मिट्टी से राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के व्यापारियों को भारी परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि धूल के कारण सांस लेने में तकलीफ तक होने लगी है।

बीते कुछ दिनों में हुई हल्की बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ फैल गया, जिससे लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। बाइक चालक फिसलने के डर से परेशान हैं और पैदल चलने वालों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

उत्पाद लोड हो रहे हैं…

खरौरा नगर की कई गलियों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। कई जगह महीनों से गड्ढे खुले पड़े हैं लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को इन रास्तों से गुजरने में डर लग रहा है। रात के समय अंधेरे में दुर्घटना होने की संभावना और बढ़ जाती है।

नगरवासियों ने सवाल उठाया है कि क्या संबंधित विभाग को जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है। लोगों का कहना है कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए किए जाते हैं, लेकिन यहां स्थिति उल्टी दिखाई दे रही है। खराब निर्माण कार्य और अधूरी सड़कें लोगों की परेशानी का सबसे बड़ा कारण बन चुकी हैं।

स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि नगर की मुख्य सड़कें और गलियां बदहाल हैं, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौन बने हुए हैं। जनता पूछ रही है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।

नगरवासियों ने प्रशासन और पीएचई विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्यों...

नगरवासियों ने प्रशासन और पीएचई विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और जहां-जहां खुदाई की गई है वहां तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए। लोगों ने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।

खरौरा नगर में लगातार बढ़ती समस्याओं के बीच अब लोगों की उम्मीद प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है। जनता चाहती है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो और नगर में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

टैग्स

और पढ़ें

लेखक