खरोरा पुलिस ने केबल चोरी गिरोह के 5 आरोपियों को पकड़ा, बाइक समेत चोरी का माल जब्त
इस खबर की वेब स्टोरी देखें
रायपुर। थाना खरोरा पुलिस ने सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड के 50 मेगावाट सोलर प्रोजेक्ट में केबल वायर चोरी करने वाले कथित गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए केबल वायर, कॉपर वायर, तार काटने के उपकरण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड के खरोरा स्थित सोलर प्रोजेक्ट में खुले स्थान पर सोलर पैनल, इन्वर्टर और केबल कनेक्शन वायर लगे हुए हैं। इनकी निगरानी सुपरवाइजर और सुरक्षा गार्डों द्वारा की जाती है। प्रार्थी ने 9 सितंबर 2026 को थाना खरोरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 सितंबर की रात से 2 सितंबर के बीच अज्ञात आरोपियों ने केबल कनेक्शन वायर काटकर चोरी कर लिया। पूर्व में हुई चोरी को मिलाकर करीब 5,880 मीटर केबल वायर, जिसकी अनुमानित कीमत 85 हजार रुपये बताई गई, चोरी होने की जानकारी दी गई।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्यों और गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद शरहदी क्षेत्रों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आने का दावा किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी एक राय होकर केबल कनेक्शन वायर चोरी करते थे। चोरी किए गए वायर को जलाकर उसमें से तांबा अलग किया जाता था और इसे बेचकर प्राप्त रकम का इस्तेमाल किया जाता था।
40 हजार रुपये का केबल वायर बरामद
आरोपियों के कब्जे से करीब 30 किलोग्राम केबल वायर, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये है, तथा वायर जलाने के बाद बचा करीब 10 हजार रुपये कीमत का कॉपर वायर बरामद किया गया। इसके अलावा तार काटने में इस्तेमाल लोहे का पेंचिस और होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 X 2663, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है, भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधेश्याम उर्फ गोलू राय, मनोज कुमार फेकर, अजयचंद ढीढ़ी, किशन उर्फ भंडारी भारती और घनश्याम उर्फ दादू धीवर के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना खरोरा में अपराध क्रमांक 435/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।